विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग: पुखरायां के छात्रों ने भरी हुंकार, नशा मुक्ति की ली शपथ
रामस्वरूप ग्राम उद्योग कॉलेज में क्विज प्रतियोगिता के लिए हुआ पंजीकरण, राष्ट्र निर्माण और नवाचार में युवाओं की भागीदारी पर जोर।
Viksit Bharat Young Leaders Dialogue के अंतर्गत कानपुर देहात के पुखरायां स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महाविद्यालय में विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आगामी क्विज प्रतियोगिता के लिए अपना नामांकन कराया। जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी प्रिया तिवारी ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम के उद्देश्यों और विभिन्न चरणों में होने वाली प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी।
नशा मुक्ति भारत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान प्रिया तिवारी ने बताया कि वर्ष 2027 के लिए Viksit Bharat Young Leaders Dialogue का मुख्य थीम ‘नशा मुक्ति भारत’ की संकल्पना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखने का एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने समस्त विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशा मुक्ति भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई।
नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण
कार्यक्रम का सफल संचालन इग्नू समन्वयक डॉ. पर्वत सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ज्ञान और प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं मील का पत्थर साबित होती हैं। प्रोफेसर सविता गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस संवाद से विद्यार्थियों के अंदर न सिर्फ प्रतियोगिताओं का सामना करने का साहस पैदा होगा, बल्कि विकसित भारत के प्रति उनके दायित्वों का बोध भी होगा। चयनित छात्रों को आगे चलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. रमणीक श्रीवास्तव, डॉ. प्रबल प्रताप सिंह तोमर, डॉ. निधि अग्रवाल, डॉ. अंशुमान उपाध्याय, डॉ. इदरीस खान, डॉ. शिवनारायण यादव और आदित्य सहित महाविद्यालय के तमाम शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: अवैध खनन पर प्रशासन का हंटर, 20 लोगों को नोटिस जारी, ग्राम सभा की जमीन से खोदी मिट्टी



