बिहार

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आदर्श युवा मिशन हयूमन वेलफेयर इंडिया ने लॉन्च किया “मिशन द वॉयस ऑफ वुमन”

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर, आदर्श युवा मिशन हयूमन वेलफेयर इंडिया ने महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है।

गया,बिहार : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर, आदर्श युवा मिशन हयूमन वेलफेयर इंडिया ने महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। “मिशन द वॉयस ऑफ वुमन” नामक इस मिशन का उद्देश्य समाज में महिलाओं की स्थिति को मजबूत करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

मिशन द वॉयस ऑफ वुमन महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और कानूनी अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा। इस मिशन के तहत लैंगिक समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार और कानूनी सहायता जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित समुदायों की महिलाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर सकें।

इस पहल के तहत कार्यशालाएं, सेमिनार, जागरूकता कार्यक्रम, कानूनी सहायता शिविर और महिला नेतृत्व विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, मिशन का लक्ष्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा, भेदभाव और अन्याय को समाप्त करने के लिए नीतिगत बदलावों की दिशा में काम करना है।

मिशन का मूल मंत्र है “उठो, बोलो और अपने अधिकारों के लिए लड़ो”, जो महिलाओं को उनके हक और सम्मान के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर, आदर्श युवा मिशन हयूमन वेलफेयर इंडिया के संस्थापक सह अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला ही एक सशक्त समाज की नींव रख सकती है। हमें महिलाओं की आवाज को दबाने के बजाय, उनकी आवाज को बुलंद करना होगा, उन्हें प्रोत्साहित करना होगा और उनके अधिकारों के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।

आदर्श युवा मिशन हयूमन वेलफेयर इंडिया की उपाध्यक्ष शीला यादव ने कहा कि मिशन द वॉयस ऑफ वुमन महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने, अन्याय के खिलाफ खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने भारत की सभी महिलाओं से इस मिशन में शामिल होने और अपने आस-पास की महिलाओं को भी शामिल करने का आग्रह किया।

मिशन द वॉयस ऑफ वुमन समाज में बदलाव लाने और महिलाओं को उनका वास्तविक स्थान दिलाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इस पहल से लाखों महिलाओं को लाभ मिलेगा और वे अपने अधिकारों के लिए निडर होकर आगे बढ़ सकेंगी।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button