अंधविश्वास का खेल, हवस का जाल: कानपुर देहात का मशहूर ‘बोतल बाबा’ गिरफ्तार, आश्रम के भीतर का सच जानकर उड़ जाएंगे होश
देवराहट थाना पुलिस ने पांच नामजद समेत अज्ञात पर दर्ज की एफआईआर, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी।

- पानी में फूंक मारकर कैंसर ठीक करने का दावा करने वाला 'बोतल बाबा' हरिओम यादव गिरफ्तार।
- औरैया की महिला पर काली शक्तियों का साया बताकर विशेष अनुष्ठान के नाम पर ऐंठे 40 हजार रुपये।
- 15 जून को आश्रम के कमरे में बुलाकर महिला से अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप।
- विरोध करने पर ढोंगी बाबा, शिष्यों और महिला के सगे देवरों ने मिलकर की जमकर मारपीट।
- पांच नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कानपुर देहात में बोतल बाबा के नाम से मशहूर हरिधाम सरकार आश्रम के संचालक हरिओम यादव पर एक महिला ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़िता का आरोप है कि बाबा ने उस पर काली शक्तियों का साया होने की बात कहकर आश्रम बुलाया और पूजा पाठ के बहाने अश्लील हरकत शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया।शोर मचाने पर परिजन पहुंचे तो किसी तरह वह आश्रम से बाहर निकली।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।मामला कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के हरिधाम सरकार आश्रम का है।कानपुर देहात के जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित हरिधाम सरकार आश्रम में हरिओम यादव बोतल बाबा के नाम से जाना जाता है।
वह बोतल के पानी में फूंक मारकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को ठीक करने का दावा करता है।उसके समागमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला के अनुसार उसके ससुर और दो देवरों ने 6 जून को पूजा पाठ कराने ने लिए बाबा को घर बुलाया था।पूजा के दौरान बाबा ने दावा किया कि उस पर काली शक्तियों का साया है।जिसे दूर करने के लिए विशेष पूजा और अनुष्ठान कराना होगा।महिला का आरोप है कि इसी बहाने उससे 40 हजार रुपए भी ले लिए गए।जाते समय बाबा ने 15 जून को हरिधाम सरकार आश्रम बुलाया और विशेष अनुष्ठान कराने की बात कही।
महिला के मुताबिक 15 जून को उसके दोनों देवर बाइक से उसे लेकर आश्रम पहुंचे।वहां बाबा ने विशेष अनुष्ठान कराने की बात कहकर उसे एक कमरे में बुलाया।आरोप है कि बाबा ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया।विरोध करने पर बाबा,दोनों देवरों और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।महिला का यह भी आरोप है कि उसे गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई।किसी तरह वह वहां से निकलकर भाग सकी।महिला वहां से करीब 15 किलोमीटर दूर किलोमीटर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई।इसके बाद उसे देवराहट थाने भेजा गया।
मेडिकल जांच के बाद 18 जून को देवराहट थाने में हरिओम यादव,महिला के दोनों देवर रामवीर और सुखवीर,शिष्य दीपक,कुंदन समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ छेड़छाड़,मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बाबा और उसके एक शिष्य को गिरफ्तार कर लिया है।इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिरोही ने बताया कि महिला की शिकायत पर जांच की गई।जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बाबा हरिओम और उसके शिष्य को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
बताते चलें कि चैन का पुरवा गांव में बाबा हरिओम का करीब चार बीघे में आश्रम बना है।इसी आश्रम में वह रहता है और दरबार लगाता है।बताया जाता है कि पहले पूजा पाठ कराने के लिए आश्रम में 100 रुपए की रसीद कटती थी जो अब 250 रूपये की कटती है।दरबार में 100 से करीब 200 लोग आते हैं।दरबार में 20 रूपये की पानी की बोतल के साथ एंट्री होती है।इसी पानी में बाबा फूंक मारता है।उसका दावा है कि उसके फूंक मारे हुए पानी से कैंसर जैसी घातक बीमारियों भी ठीक हो जाती हैं।
ये भी पढे- कानपुर देहात में कानून व्यवस्था के दृष्टिगत 02 क्षेत्राधिकारियों के तबादले



