कानपुर देहात: पुखरायां मेन रोड पर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका का बड़ा छापा।
कपड़ा विक्रेता कपिल गुप्ता और गोविंद समेत कई दुकानदारों से वसूला गया जुर्माना।

- अभियान के दौरान कुल 1200 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक की गई जब्त।
- अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने दी सख्त चेतावनी, लगातार जारी रहेंगे अभियान।
पुखरायां: कस्बे में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने अब तक का सबसे बड़ा हड़कंप मचाने वाला अभियान चलाया है। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह के आदेश और अतिक्रमण प्रभारी अतुल पाण्डेय के निर्देशन में पालिका की टीम ने पुखरायां मेन रोड क्षेत्र में अचानक धावा बोल दिया। इस सघन चेकिंग अभियान से पूरे बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदार अपनी प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियों को छिपाते नजर आए, लेकिन पालिका की पैनी नजरों से बच नहीं सके।
जांच टीम ने फल-सब्जी मंडी से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक सघन तलाशी ली। इस दौरान कई दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का धड़ल्ले से उपयोग और भंडारण पाया गया, जिस पर टीम ने तत्काल जब्तीकरण और जुर्माने की कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में आए सब्जी और फल विक्रेता मुन्ना से 100 रुपये, विनय कौशल से 200 रुपये तथा अमित से 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं कपड़ा बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए कपड़ा विक्रेता कपिल गुप्ता और गोविंद पर 500-500 रुपये का भारी जुर्माना ठोका गया। इसके अतिरिक्त दुकानदार दिनेश गुप्ता से 200 रुपये, मनीष अग्रवाल से 100 रुपये तथा राहुल गुप्ता स्वीट्स हाउस से 100 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया।
इस पूरे अभियान के दौरान पालिका टीम ने बाजार से कुल 1200 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों और आम नागरिकों से कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही साफ किया कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है, भविष्य में भी ऐसे औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इससे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में दिली जाएगी। अभियान को सफल बनाने में पालिका के लिपिक हर्ष सचान, अरविन्द सचान, मनोज कुमार मिश्रा, धर्मेन्द्र पाल, महेश कुमार सैनी, धर्मेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव राजू राठौड़, सूर्यांश और धर्मपाल सहित अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से मुस्तैद रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: तंत्र मंत्र के शक में महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला,हालत गंभीर



