अकबरपुर: जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जन समस्याएं, निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को तहसील अकबरपुर में जिला स्तरीय 'संपूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया।
अकबरपुर, कानपुर देहात: शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को तहसील अकबरपुर में जिला स्तरीय ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील परिसर में आयोजित इस शिविर में राजस्व, पुलिस, विकास और विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों की भरमार रही। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शिकायतों का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि धरातल पर पीड़ित की संतुष्टि अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों, विशेषकर भूमि विवाद और आपसी झगड़ों के मामलों को सुना। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम की आवश्यकता है, वहां तत्काल टीम भेजकर मौके पर ही विवाद का हल निकाला जाए। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जयसवाल, उप जिलाधिकारी अकबरपुर और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
–



