उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

अकबरपुर रनिया में चमकी ग्रामीण प्रतिभा: विधायक खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया सम्मानित

कानपुर देहात: युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित माननीय विधायक खेल स्पर्धा का भव्य समापन मंगलवार को उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर रनिया के सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन कर यह प्रमाणित किया कि ग्रामीण अंचलों में आज भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, भारोत्तोलन, कबड्डी, दौड़, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में अपनी संपूर्ण क्षमताओं का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा, जिसे प्रतिभागियों ने अपनी निष्ठा और लगन से पूर्ण रूप से साकार किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की बालक एवं बालिका प्रतियोगिताओं में रोमांच देखने को मिला, जिसमें गोला फेंक में सब-जूनियर वर्ग में समीर, जूनियर वर्ग में अजीत तथा सीनियर वर्ग में सौरभ कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाला फेंक में अमन ने बाजी मारी। बालिका वर्ग में 40 किलोग्राम में अर्शी, 45 किलोग्राम में तानी और 67 किलोग्राम वर्ग में मयंक पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जूनियर वर्ग में देवेश (55 किग्रा) और आदित्य पाल (61 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सीनियर वर्ग में 55 किग्रा में अभिनव, 67 किग्रा में स्वदेश तथा 73 किग्रा में धर्मेंद्र प्रथम रहे। बैडमिंटन प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग में आंशिका एवं सत्यम, जूनियर वर्ग में शिवानी शर्मा तथा बालक वर्ग में नीशू शर्मा विजेता रहे। टीम खेलों की बात करें तो कबड्डी में माती की टीम विजेता बनी, वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ककरदही की टीम ने अपने खेल कौशल का दमदार परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान श्रीमती किरण देवी, जिला युवा कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार, व्यायाम प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमेंद्र गौतम, कार्यक्रम प्रभारी नैनसी कौशल, पीआरडी स्वयंसेवक, युवक एवं महिला मंगल दल के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन समारोह की मुख्य अतिथि माननीय मंत्री, बाल विकास पुष्टाहार एवं महिला कल्याण श्रीमती प्रतिभा शुक्ला रही, जिन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि यह चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, सामूहिकता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन सिखाने का सर्वोत्तम मार्ग है।

उन्होंने कहा कि अकबरपुर रनिया के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और पूर्ण विश्वास है कि वे जोन, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी जनपद का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद को रोजमर्रा की जीवनशैली में शामिल करना अनिवार्य है।

मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भविष्य में क्षेत्र में खेल सुविधाओं का और विस्तार करने का आश्वासन देते हुए सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और खिलाड़ियों के समर्पण की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होता है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी वर्षों में इस स्पर्धा को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: बाल कल्याण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर मंथन, डेरापुर और मलासा में टास्क फोर्स की बैठक

Related Articles

AD
Back to top button