अवैध खनन पर डीएम का हंटर: कानपुर देहात के जयमहाकाल एक्सप्लोरेशन पर 50 लाख का जुर्माना, मची खलबली
किशुनपुर कछार में नियमों को ताक पर रखकर किया गया अवैध खनन।

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह के तेवर अवैध खनन करने वालों पर भारी पड़ रहे हैं। जनपद में गठित टास्कफोर्स ने भोगनीपुर तहसील के किशुनपुर कछार में चल रहे खनन खेल का भंडाफोड़ किया है। स्वीकृत सीमा से बाहर जाकर बालू निकालने वाली कंपनी ‘मेसर्स जयमहाकाल एक्सप्लोरेशन’ पर प्रशासन ने लगभग 50 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है।
हद पार कर किया खनन, निकल आया पानी
उपजिलाधिकारी भोगनीपुर और खान अधिकारी की संयुक्त टीम ने जब मौके पर पैमाइश की, तो होश उड़ गए। पट्टाधारक कंपनी ने निर्धारित क्षेत्र से बाहर निकलकर 9286.5 घनमीटर साधारण बालू का अवैध खनन कर डाला था। खनन इतना गहरा और बेतरतीब था कि कई जगहों पर जमीन से पानी निकल आया, जो पर्यावरण नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा था।
राजस्व को लगाई 49.57 लाख की चपत
कंपनी के निदेशक संतोष कुमार सचान द्वारा किए गए इस अवैध कृत्य से शासन को सीधे तौर पर 49,57,520 रुपये की राजस्व क्षति हुई है। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन या परिवहन करने वालों की अब खैर नहीं है। टास्कफोर्स की टीमें हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रही हैं और ऐसी अनियमितताओं पर कठोर कानूनी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने विश्व क्षय रोग दिवस 100 दिवसीय अभियान का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ



