
सफलता पाने के लिए कभी हार नहीं माननी चाहिए क्योंकि हर असफलता हमें अपनी कमियों को समझने और उनमें सुधार करने का मौका देती है। थॉमस एडिसन ने भी कई बार असफलता का सामना किया था लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार बल्ब का आविष्कार किया। प्रसिद्ध वैज्ञानिक व भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम एक परीक्षा में असफल होने के बाद सफलतम मिसाइल मैन कहलाए। अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और उस पर पूरी तरह से केंद्रित रहें।
जब तक आपका लक्ष्य स्पष्ट नहीं होगा तब तक आप सही दिशा में आगे नहीं बढ़ पाएंगे। आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति आपको कठिन समय में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। जब परिस्थितियाँ मुश्किल हों तो यह सोचें कि हमे यह करना ही है। अपने बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बाँट लें। हर छोटी सफलता आपको गति देती है और लंबे समय तक प्रेरित रहने में मदद करती है। सफलता एक दिन में नहीं मिलती इसमें समय लगता है। इसके लिए धैर्य रखना और निरंतर प्रयास करते रहना बहुत जरूरी होता है। किसी भी काम की शुरुआत करने से पहले खुद पर विश्वास रखें कि आप उस काम को कर सकते हैं। यह आत्मविश्वास आपको मुश्किल समय में भी हौसला देगा। अपने अंदर और दूसरों में नकारात्मक विचारों को बढ़ावा न दें। सकारात्मक सोच आपको हर चुनौती में आगे बढ़ने की शक्ति देती है।
यह जरूरी है कि जब आप सफल न हो पाएँ तो कुछ देर रुककर आत्म-मूल्यांकन करें और अपनी रणनीति में बदलाव करें लेकिन यह विश्वास कभी न लाएँ कि आप अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पायेंगे क्योंकि असफलता ही सफलता का आधार है। असफलता मनुष्य को प्रेरणा देती है कि पुनः कार्य को पूरी शक्ति व पूरे परिश्रम से करो, सफलता अवश्य मिलेगी।
आज्ञा कटियार
कक्षा-4
यूपी किराना सेवा समिति बालिका विद्यालय तात्याटोपे नगर कानपुर
मो. 7268868788



