अमन यात्रा लाइव: पदोन्नति का गौरव—सीओ भोगनीपुर संजय वर्मा बने अपर पुलिस अधीक्षक, एसपी श्रद्धा पाण्डेय ने कंधे पर सजाए सितारे
जनपद पुलिस महकमे के लिए आज का दिन बेहद खास रहा।

कानपुर देहात: जनपद पुलिस महकमे के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। भोगनीपुर क्षेत्राधिकारी (CO) के पद पर तैनात संजय वर्मा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा का बड़ा इनाम मिला है। शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी ‘पिपिंग सेरेमनी’ के दौरान उन्हें पुलिस उपाधीक्षक से पदोन्नत कर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद से नवाजा गया।
अमन यात्रा लाइव की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने खुद संजय वर्मा के कंधे पर नवीन रैंक लगाकर उन्हें इस गौरवशाली पद की बधाई दी। एसपी ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान पूरा कार्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा और माहौल उत्सव जैसा नजर आया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने संजय वर्मा की अब तक की सेवाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि संजय वर्मा की कार्यशैली, अनुशासन और जनता के प्रति उनके समर्पण के कारण ही उन्हें यह महत्वपूर्ण पदोन्नति प्राप्त हुई है। एसपी ने उम्मीद जताई कि नए पद की जिम्मेदारी संभालते हुए वह कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।
इस खास मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सभी साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संजय वर्मा को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनके नए सफर की शुरुआत पर ढेरों शुभकामनाएँ दीं।



