कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर नगर: घर के खाली कमरों से होगी तगड़ी कमाई, होमस्टे चलाने के लिए योगी सरकार दे रही ये खास सुविधाएं और छूट

यूपी बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति-2025 के तहत 6 कमरे तक किराये पर दे सकेंगे भवन स्वामी; बिजली-पानी का बिल आएगा घरेलू दर पर, सोलर पैनल पर मिलेगी सब्सिडी

Story Highlights
  • अधिकतम 6 कमरे या 12 बिस्तर पर्यटकों को किराये पर देने की अनुमति।
  • बिजली, जलकर, गृहकर और सीवर कर का भुगतान कमर्शियल की बजाय आवासीय दर पर होगा।
  • प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने पर मिलेगी सब्सिडी।
  • मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान से 8 कर्मचारियों को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण।
  • केवल वैध भवन स्वामी ही कर सकेंगे आवेदन, किराये के मकान मान्य नहीं।

कानपुर नगर। अगर आपके घर में अतिरिक्त कमरे खाली पड़े हैं, तो अब वे आपकी नियमित आमदनी का बड़ा जरिया बन सकते हैं। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति-2025 संचालित की जा रही है। up homestay policy 2025 kanpur nagar के तहत भवन स्वामी अपने आवास के खाली कमरों को पर्यटकों के ठहरने के लिए उपलब्ध कराकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। पर्यटन विभाग की ओर से पंजीकृत इकाइयों को कई टैक्स रियायतों के साथ निःशुल्क प्रशिक्षण और सरकारी वेबसाइट पर प्रचार की सुविधा भी दी जा रही है।

अधिकतम 6 कमरे या 12 बिस्तर दे सकेंगे किराये पर

जिला पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम ने बताया कि इस नीति के अंतर्गत शहरी होमस्टे, ग्रामीण होमस्टे तथा बेड एंड ब्रेकफास्ट की श्रेणियों में पंजीकरण कराया जा सकता है। शहरी और ग्रामीण होमस्टे में भवन स्वामी का स्वयं उसी आवास में रहना जरूरी होगा, जबकि बेड एंड ब्रेकफास्ट श्रेणी में मालिक का साथ रहना अनिवार्य नहीं है, लेकिन देखरेख के लिए केयरटेकर रखना जरूरी होगा। इस योजना के तहत न्यूनतम 1 और अधिकतम 6 कमरे या 12 बिस्तर पर्यटकों को किराये पर दिए जा सकते हैं, बशर्ते यह संख्या भवन के कुल कमरों के दो-तिहाई से अधिक न हो।

घरेलू दर पर बिजली-पानी का बिल और सोलर पैनल पर सब्सिडी

नीति के तहत पंजीकृत इकाइयों को कमर्शियल की जगह आवासीय (घरेलू) दरों पर बिजली, जलकर, गृहकर और सीवर कर जमा करने की बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगवाने पर नियमानुसार सब्सिडी का लाभ भी उठाया जा सकेगा। यही नहीं, मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान के माध्यम से 8 सहायक कर्मचारियों को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा और पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर इन इकाइयों का निःशुल्क प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

सिर्फ वैध भवन स्वामी कर सकेंगे आवेदन, यहां करें संपर्क

जिला पर्यटन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल भवन का वैध स्वामी ही पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है; किराये या लीज पर लिए गए भवन का पंजीकरण मान्य नहीं होगा। एक परिसर के लिए एक ही प्रमाणपत्र जारी होगा, जिसके लिए शयनकक्ष, शौचालय, बिजली-पानी, फर्नीचर और सुरक्षा मानकों का होना अनिवार्य है। इच्छुक भवन स्वामी अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय, 16/99, गांधी भवन, फूलबाग, कानपुर नगर अथवा वेबसाइट www.uptourism.gov.in, मोबाइल नंबर 80054884734 व ई-मेल touristofficekanpur@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।


ये भी पढे-  यूपी बेसिक शिक्षा में बड़ा फेरबदल: अयोध्या, गाजियाबाद समेत 15 जिलों के बीएसए बदले, तत्काल ज्वाइनिंग के निर्देश


Related Articles

AD
Back to top button