आईजीआरएस पोर्टल पर फर्जी रिपोर्टिंग पड़ी भारी: जालौन में लेखपाल नीटू यादव तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, मंचा हड़कंप
जिलाधिकारी की डिजिटल समीक्षा में खुली पोल, ओलावृष्टि और सीमांकन के मामलों में बिना जांच किए लगा दी थी सरसरी रिपोर्ट

जालौन: जनपद जालौन में जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, फर्जी रिपोर्टिंग और शासकीय कार्यों में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी की वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान तहसील जालौन के लेखपाल नीटू यादव की बड़ी अनियमितताएं उजागर होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी की इस कड़े एक्शन से पूरे राजस्व महकमे और लापरवाह कर्मचारियों में पूरी तरह हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी की क्रॉस जांच में पकड़ी गई चोरी, शिकायतकर्ता से खुली पोल
दरअसल, जिलाधिकारी आईजीआरएस संदर्भों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की ऑनलाइन समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सीमांकन और ओलावृष्टि राहत से जुड़ी गंभीर शिकायतों पर नजर पड़ी, जिनका लेखपाल नीटू यादव द्वारा बिना किसी नियमानुसार तथ्यात्मक जांच के बेहद सरसरी तरीके से निस्तारण दिखा दिया गया था। शक होने पर जब शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर क्रॉस जांच की गई, तो लेखपाल की लापरवाही पूरी तरह सच साबित हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) जालौन राकेश सोनी को तुरंत जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
राहत सहायता वितरण में अड़ंगा और लगातार लापरवाही पर गिरी गाज
उप जिलाधिकारी राकेश सोनी द्वारा की गई त्वरित जांच में लेखपाल के विरुद्ध लगे आरोप प्रथम दृष्टया पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद तहसीलदार जालौन की संस्तुति पर लेखपाल नीटू यादव को सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त लेखपाल द्वारा ओलावृष्टि राहत प्रकरण में आवश्यक अभिलेखों और प्रभावित किसानों के बैंक खातों का सही विवरण समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे गरीब किसानों को मिलने वाली राहत सहायता वितरण की पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई।
जिलाधिकारी ने दोटूक चेतावनी देते हुए कहा है कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की फर्जी रिपोर्टिंग, तथ्यों को छिपाने या शासकीय कार्यों में लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान नीटू यादव का मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय जालौन निर्धारित किया गया है और नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
ये भी पढे- मिशन शक्ति 5.0: प्रोजेक्ट नई किरण से फिर मुस्कुराए छह परिवार, आपसी सहमति से साथ रहने को हुए तैयार



