आठ जुलाई से होगी शिक्षक कैशलेस चिकित्सा की शुरुआत, सीएम योगी वाराणसी से करेंगे शुभारंभ, सभी जनपदों में होगा लाइव प्रसारण

कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आठ जुलाई को वाराणसी के व्यापार केंद्र में शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के जरिये बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, केजीबीवी वार्डन, विषय विशेषज्ञों व उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शुभारंभ का लाइव प्रसारण सभी जनपदों में किया जाएगा। इसके लिए जनपद के बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए हैं। आदेश के मुताबिक इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण माती स्थित ईको पार्क में प्रात: 8:30 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रत्येक विकासखंड से 50-50 शिक्षकों/शिक्षामित्रों/अंशकालिक अनुदेशकों/ रसोईयों को प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया है।
बताते चलें बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सभी डीएम, कमिश्नर, बीएसए व डीआईओएस को पत्र भेजकर कहा है कि इस कार्यक्रम का सभी जिलों में लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिला मुख्यालय व तहसील मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा 20-20 कार्ड का वितरण कराया जाए। इस आयोजन के लिए मंडल मुख्यालय वाले जिलों के लिए पांच व अन्य जिलों के लिए तीन-तीन लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है।



