स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर बीएसए ने की बैठक
स्कूल स्तर से लेकर मंडल स्तर तक की प्रतियोगिताओं को सितंबर तक पूर्ण करना होगा।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जिले के परिषदीय विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 का खेलकूद कैलेंडर जारी कर दिया है। स्कूल स्तर से लेकर मंडल स्तर तक की प्रतियोगिताओं को सितंबर तक पूर्ण करना होगा।
नवंबर में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। स्कूल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बालक-बालिकाओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आहूत की जिसमें जिले के सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं जिले के समस्त व्यायाम शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
निदेशक द्वारा जारी खेल से संबंधित पत्र पर चर्चा करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने खेलकूद कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन के सम्बन्ध में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक खेल को निर्धारित समय सारिणी के अनुसार विधिवत कराने पर बल दिया। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों को खेलों से जोड़ने का निर्देश दिया और कहा कि अपने जनपद के बच्चे खेल के माध्यम से विद्यालय, न्याय पंचायत, विकासखण्ड, जनपद, मंडल, राज्य एवं राष्ट्र स्तर तक नाम रोशन करें।
खेलकूद को विद्यालय गतिविधियों में प्रतिदिन सम्मिलित करते हुए सप्ताह में प्रथम चार दिन खेलकूद, व्यायाम और अंतिम दो दिन स्काउट की गतिविधियों का नियमित आयोजन कराया जाए। स्कूलों में तत्काल खेल परिसर विकसित करने का भी निर्देश दिया गया है। विकासखंड स्तर पर आवंटित धनराशि का पांच प्रतिशत विद्यालय स्तर पर, 20 फीसदी न्याय पंचायत स्तर पर और शेष 75 फीसदी विकासखंड स्तर के खेलकूद कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं पर खर्च करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज पटेल, अशोक कुमार सिंह, चन्द्रजीत सिंह, अजीत प्रताप सिंह, अजब सिंह, शैलेश, आनंद भूषण, संजय गुप्ता, सपना सिंह एवं जिला व्यायाम शिक्षिका नीतू कटियार एवं व्यायाम शिक्षक संतोष यादव एवं उपेन्द्र कटियार व दिनेश यादव आदि उपस्थित रहे।



