जालौन: कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से न रहे वंचित—डीएम समीर ने कालपी के बूथों का किया औचक निरीक्षण, बीएलओ को घर-घर संपर्क कर नाम जोड़ने के दिए सख्त निर्देश
उच्च प्राथमिक विद्यालय कालपी और सदर बाजार कंपोजिट स्कूल के बूथों पर पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा; 18 वर्ष के युवाओं व महिलाओं के पंजीकरण में तेजी लाने पर जोर

जालौन,अमन यात्रा । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। special voter revision campaign jalaun के तहत रविवार को उन्होंने कालपी क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
कालपी और सदर बाजार के बूथों पर परखी बीएलओ की कार्यप्रणाली
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कालपी स्थित बूथ संख्या 329 से 334 तथा कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय सदर बाजार कालपी स्थित बूथ संख्या 296, 297 एवं 298 सहित अन्य बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से मतदाता सूची में नए नाम सम्मिलित करने, नामों में संशोधन तथा प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
घर-घर संपर्क कर युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के दिए निर्देश
डीएम समीर ने निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता और प्रभावी प्रयास करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिए कि बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को जागरूक करें तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी विनय कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



