आधार अपडेट: डीएम कानपुर देहात ने दिए बच्चों के नामांकन में तेजी लाने के निर्देश, केंद्रों पर जानकारी देना अनिवार्य
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आधार अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आधार नामांकन, अपडेशन और डीबीटी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए आधार का अपडेट होना अनिवार्य है।
बच्चों के नामांकन पर विशेष जोर जिलाधिकारी ने 0-5 वर्ष के बच्चों के आधार नामांकन को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिया कि बच्चों के आधार बनाने की प्रक्रिया में कोई त्रुटि न हो और इसे अभियान चलाकर जल्द पूरा किया जाए।
केंद्रों पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य आधार सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को और पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन बोर्डों पर आधार अपडेट करने की प्रक्रिया, निर्धारित शुल्क और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलनी चाहिए।
घर बैठे जानें नजदीकी केंद्र का पता जिलाधिकारी ने आम जनता की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने नजदीकी आधार केंद्र का पता लगाने के लिए भुवन पोर्टल (https://bhuvan-app3.nrsc.gov.in/aadhaar) का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही, किसी भी शिकायत के लिए uidai के आधिकारिक पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1947 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में सीएमओ डॉक्टर एके सिंह, यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक आशुतोष सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



