कानपुर देहात : मशरूम उत्पादन इकाई लगाने पर 30 लाख की लागत पर मिलेगा 40% अनुदान
कम लागत में छोटे पैमाने पर छप्पर के माध्यम से भी शुरू कर सकते हैं काम

कानपुर देहात के किसानों और उद्यमियों के लिए मशरूम उत्पादन स्वरोजगार का एक सुनहरा अवसर बनकर उभरा है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ बल्देव प्रसाद ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के माध्यम से जनपद में मशरूम की विभिन्न इकाइयां लगाने के लिए सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है।
बड़ी इकाइयों पर लाखों की सब्सिडी योजना के अनुसार, यदि कोई उद्यमी मशरूम की उत्पादन इकाई लगाता है, तो 30 लाख रुपये की लागत पर 40 प्रतिशत यानी अधिकतम 12 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसी तरह, मशरूम स्पान (बीज) उत्पादन इकाई और कंपोस्ट उत्पादन इकाई लगाने पर 20 लाख रुपये की लागत पर 40 प्रतिशत यानी 8-8 लाख रुपये की सहायता बैंक एंडेड सब्सिडी के रूप में दी जाएगी। खास बात यह है कि ये तीनों इकाइयां एक साथ भी लगाई जा सकती हैं।
छोटे किसानों के लिए विशेष योजना कम लागत में काम शुरू करने वाले छोटे किसानों के लिए भी विभाग ने विशेष प्रावधान किए हैं। खुले में छप्पर (200 वर्ग फुट) के माध्यम से मशरूम यूनिट लगाने पर 2 लाख की लागत पर 50 प्रतिशत यानी 1 लाख रुपये की राज्य सहायता दी जाएगी। एक लाभार्थी अधिकतम 5 छप्परों तक का लाभ उठा सकता है।
यहाँ करें संपर्क इच्छुक किसान या उद्यमी अधिक जानकारी के लिए विकास भवन, माती स्थित उद्यान विभाग के कमरा नंबर 315 में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला उद्यान अधिकारी के सीयूजी मोबाइल नंबर 9151066898 पर भी जानकारी ली जा सकती है।



