आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद: डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
जनपद में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 को पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी स्तर पर जायजा लेने के लिए खुद प्रशासनिक अमला मैदान में उतर आया है

- अकबरपुर महाविद्यालय पहुंचे डीएम कपिल सिंह और एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय; सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों को परखकर शुचिता बनाए रखने के दिए कड़े निर्देश
कानपुर देहात। जनपद में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा 2025 को पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी स्तर पर जायजा लेने के लिए खुद प्रशासनिक अमला मैदान में उतर आया है।
इसी क्रम में आज जिलाधिकारी कानपुर देहात श्री कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्र के स्टाफ और व्यवस्थापकों में पूरी तरह मुस्तैदी देखी गई। चप्पे-चप्पे की हुई जांच, सीसीटीवी और चेकिंग व्यवस्था को परखा निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का बेहद बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्य प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था को देखा और कड़े निर्देश दिए कि बिना गहन जांच के कोई भी अंदर प्रवेश न कर सके। इसके साथ ही केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी और कक्ष निरीक्षकों सहित पूरे स्टाफ की सतर्कता की गहन समीक्षा की गई।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी तत्काल प्रभावी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधे तौर पर निर्देशित करते हुए कहा गया कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सजगता बनाए रखें। किसी भी स्तर पर थोड़ी सी भी शिथिलता अक्षम्य होगी। ड्यूटी स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल की कोशिश या कोई भी संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल कठोर और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम-एसपी
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या नकल कराने वाले गिरोहों को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को पूरी तरह से भयमुक्त और पारदर्शी माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। इसके लिए जनपदीय पुलिस द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और खुफिया टीमें भी लगातार सतत निगरानी बनाए हुए हैं। इस निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासन के कई अन्य आला अधिकारी और कर्मचारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।



