आलमपुर में नाबालिकों को शराब बेचे जाने पर ग्रामीणों में फूटा गुस्सा
सिकंदरा थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में गुरुवार को शराब ठेके के विरोध में ग्रामीण महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।बड़ी संख्या में महिलाओं ने गांव के पास संचालित शराब ठेके में पहुंचकर हंगामा किया और इसे हटाने की मांग की।प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव के नज़दीक शराब ठेका स्थित होने से गांव का माहौल खराब हो रहा है

सिकंदरा।सिकंदरा थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में गुरुवार को शराब ठेके के विरोध में ग्रामीण महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।बड़ी संख्या में महिलाओं ने गांव के पास संचालित शराब ठेके में पहुंचकर हंगामा किया और इसे हटाने की मांग की।प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव के नज़दीक शराब ठेका स्थित होने से गांव का माहौल खराब हो रहा है।उनके मुताबिक ठेका निर्धारित समय से पूर्व खुल जाता है और देर रात तक संचालित रहता है।जिससे गांव में शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि ठेके से नाबालिक बच्चों को शराब की बिक्री की जा रही है।जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।हंगामे की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन और थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची।अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और समझा बुझा कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।शिकायतें सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।अधिकारियों ने शराब ठेके को गांव से दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी भरोसा दिलाया।अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करने को विवश होंगी।प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों की मांग है कि गांव के पास से शराब ठेका हटाया जाए ताकि महिलाओं,बच्चों व अन्य ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।



