कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

ईओ के खिलाफ मोर्चा: रनियां में अफसरों ने खत्म कराया अनशन

एसडीएम और तहसीलदार ने गठित की जांच कमेटी

कानपुर देहात: रनियां नगर पंचायत कार्यालय में बीते कई दिनों से चल रहा सभासदों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को समाप्त हो गया। अधिशासी अधिकारी (ईओ) के अनुचित व्यवहार और भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार से धरने पर बैठे सभासद गुरुवार से आमरण अनशन पर चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सदर नीलिमा यादव और तहसीलदार पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर सभासदों से वार्ता की और चेयरमैन विटान दिवाकर के हस्तक्षेप के बाद अनशन समाप्त कराया।

सगे-संबंधियों को टेंडर देने का आरोप

सभासदों ने अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सभासदों का दावा है कि ईओ मनीष राय ने अपने सगे संबंधी अगम राय (निवासी लखनऊ) की फर्म को नियम विरुद्ध तरीके से टेंडर जारी किए हैं। इसके अलावा धर्मेंद्र तिवारी की फर्म की जांच, स्ट्रीट लाइट और पोल खरीद के ब्योरे में घालमेल की आशंका जताई गई है। सभासदों ने नगर पंचायत की गाड़ियों में पड़ने वाले डीजल और अन्य उपकरणों की खरीद-फरोख्त में भी बड़े खेल का आरोप लगाया है।

जांच के लिए बनेगी कमेटी

एसडीएम नीलिमा यादव ने सभासदों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार पवन कुमार ने बताया कि इन आरोपों की जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। ईओ के कार्यकाल में बनी सड़कों की टीएसी जांच कराने की मांग को भी संज्ञान में लिया गया है। अनशन खत्म होने के दौरान इंस्पेक्टर एस एन सिंह और प्रतिनिधि रामकिशोर दिवाकर सहित कई लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: रसूलाबाद में लेखपाल के सेवानिवृति पर सम्मान समारोह,दी गई भावभीनी विदाई

Related Articles

AD
Back to top button