ओ लेवल एवं CCC प्रशिक्षण हेतु आवेदन तिथि बढ़ी — अब 04 दिसम्बर तक करें ऑनलाइन आवेदन
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल ने अवगत कराया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उ०प्र० द्वारा पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों हेतु संचालित ‘ओ लेवल’ एवं ‘CCC’ कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए पूर्व निर्धारित समय-सारिणी में संशोधन किया गया है।

कानपुर नगर। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल ने अवगत कराया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उ०प्र० द्वारा पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों हेतु संचालित ‘ओ लेवल’ एवं ‘CCC’ कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए पूर्व निर्धारित समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन से लेकर प्रशिक्षण प्रारम्भ कराए जाने तक की समय-सीमा को बढ़ाते हुए संशोधित समय-सारिणी निर्गत की गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उक्त योजना के तहत भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से इंटरमीडिएट (कक्षा-12) उत्तीर्ण अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों को ‘ओ लेवल’ तथा ‘CCC’ कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। इस हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 04 दिसम्बर, 2025 कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 तक कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल
https://obccomputertraining.upsdc.gov.in
पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन फाइनल रूप से सबमिट करने के उपरांत अभ्यर्थियों के लिए यह अनिवार्य है कि वे अपने ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की दो हस्ताक्षरित हार्डकॉपी संलग्नकों सहित (आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिकाओं की प्रतियां) दिनांक 04 दिसम्बर, 2025 तक कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, कक्ष संख्या-09, कानपुर नगर में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।



