औरैया: वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति का 18वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न
वृद्धजनों को रामायण व रामचरित मानस ग्रंथ देकर किया गया सम्मानित
औरैया। शहर के नरायनपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति का 18वां स्थापना दिवस व सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सर्वाधिक वृद्धजनों को रामायण व रामचरित मानस ग्रंथ देकर सम्मानित किया गया।
वहीं इस वर्ष समिति में शामिल हुए नए सदस्यों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों के कार्यों की सराहना की। कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की नींव हैं। इनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य आम जनमानस के लिए प्रेरणा श्रोत हैं। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लक्ष्मी नारायण मिश्र ने कहा कि समाजसेवा के लिए कोई उम्र नहीं होती। उस पर भी यदि वृद्धजनों के माध्यम से समाज सेवा का कार्य किया जाता है तो यह अपने आप में एक गौरव की बात है।
इससे पूर्व कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का कार्यकारिणी की ओर से स्वागत किया गया। वहीं समिति के वरिष्ठतम सदस्य नाथूराम धनगर, सेवानिवृत प्रो.विनोद उपाध्याय, बुद्धसेन सक्सेना, देवेंद्र त्रिपाठी एडवोकेट व दीपक सक्सेना एडवोकेट ने भी अपना उद्बोधन किया। कवि रमेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर समिति के सर्वाधिक वृद्ध नाथूराम धनगर, आनंद स्वरूप शुक्ल के अलावा 80 वर्षीय लक्ष्मी नारायण मिश्र, आनंद स्वरूप शुक्ल, जयनारायण अवस्थी, शिव कुमार शुक्ल का सत्पनीक, रमेश पांडेय, शिवनाथ गुप्ता, श्रीभगवान पोरवाल, ललित मोहन श्रीवास्तव, डॉ.बृजमोहन वर्मा, शिवनाथ गुप्ता, श्रीभगवान पोरवाल, रामविलास गुप्ता, सतीश चंद्र बाजपेई, विजय कृष्ण शुक्ल, राजकुमारी कुशवाहा, जगदीश नारायण पोरवाल का शाल उढ़ाकर तथा रामायण व रामचरित मानस ग्रंथ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन रवि शंकर शुक्ल ने किया। इस अवसर पर समिति के महामंत्री नागेश पाठक, राकेश गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



