कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में फूड विभाग का बड़ा छापा, चपरघटा की इस कंपनी से लिए गए घी और मिल्क पाउडर के सैंपल

स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी, बटर और दूध के कुल 08 नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे

भोगनीपुर, कानपुर देहात। जनपद में मिलावटी दूध और दुग्ध उत्पादों (खोया, पनीर, घी, एसएमपी आदि) की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी कानपुर देहात के आदेशों का अनुपालन करते हुए जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की एक बड़ी टीम ने क्षेत्र में छापा मारकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राम अवतार सिंह के कुशल निर्देशन और नेतृत्व में अंजाम दी गई। विभागीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि भोगनीपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले चपरघटा क्षेत्र में दुग्ध उत्पादों का बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। इसी सूचना के आधार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने चपरघटा स्थित मेसर्स न्यू एरा फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (M/S NEW ERA FOODS INDIA PVT. LTD.) के परिसर में औचक छापेमारी की।

टीम ने फैक्ट्री के अंदर सघन जांच करते हुए विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता को परखा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने वहां मौजूद स्किम्ड मिल्क पाउडर के 03 अलग-अलग ब्रांड्स (मिल्क रत्न, सामर्थ्य और वलिनी) के नमूने लिए। इसके साथ ही, उसी संस्थान से घी के भी 03 अलग-अलग ब्रांड्स (मिल्क रत्न, सामर्थ्य और वलिनी) के सैंपल संग्रहित किए गए। विभाग ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बटर का 01 नमूना और दूध का 01 नमूना भी लिया। इस प्रकार टीम ने वहां से कुल 08 महत्वपूर्ण नमूने सील किए।

संग्रहित किए गए इन सभी 08 नमूनों को गुणवत्ता की सटीक जांच के लिए तत्काल खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है, ताकि मिलावट की हकीकत सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस पूरी छापामार कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार, दिनेश चन्द्र, राम बिहारी, सुबोध कुमार, अरविन्द कुमार गौड और महेन्द्र नाथ सिंह यादव सहित विभाग के अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: तीन महीने से नहीं भरा बिजली का बिल तो हो जाएं सावधान, पुखरायां में एक ही दिन में कट गए इतने कनेक्शन


Related Articles

AD
Back to top button