कानपुर देहात के आनंदेश्वर कोल्ड स्टोर में लगी आग,एक की मौत एक गंभीर
लाखों का सामान जलकर राख, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव के नजदीक नेशनल हाइवे पर बने 5 मंजिला कोल्ड स्टोर में मंगलवार सुबह आग लग गई।बताया जा रहा है कि आग करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।देखते ही देखते आग ने पूरे कोल्ड स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया।कोल्ड स्टोर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने आग की लपटें देख तत्काल कोल्ड स्टोर मालिक अतुल अग्रवाल को फोन पर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से झुलस गया।मृतक की पहचान बाढापुर निवासी ऋषभ शर्मा उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।घायल की पहचान कानपुर नगर निवासी अंकित के रूप में हुई है।वहीं आग में करीब सवा लाख से अधिक किराने और आलू की बोरियां जलकर राख हो गईं।
तहसीलदार पवन सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री के संसाधनों की मदद से आग की लपटों को बुझाया गया।अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है वहीं एक गंभीर रूप से झुलस गया है।आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



