कांवड़ यात्रा पर एसपी की पैनी नजर: शिवली क्षेत्र में सड़कों पर उतरीं श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, सुरक्षा का लिया जायजा
कल्याणपुर और बैरी सवाई तिराहे पर एसपी ने परखीं व्यवस्थाएं, अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

कानपुर देहात: श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाना शिवली क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौराहों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कल्याणपुर तिराहा, बैरी सवाई तिराहा, कानपुर नगर बॉर्डर, मैथा नहर पुल चौराहा, निवादा और भाभा तिराहे का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए। एसपी ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और प्रकाश व्यवस्था को बारीकी से परखा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ पिकेट प्वाइंटों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अकबरपुर और क्षेत्राधिकारी यातायात समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात: ऐच्छिक ब्यूरो में चार प्रकरणों की हुई सुनवाई, दो मामलों में हुआ समझौता



