कानपुर देहात: गलुवापुर बाजार में दिनदहाड़े दुकान से मोबाइल और नकदी लूट, पुलिस से कार्रवाई की मांग
प्लेटिना बाइक से आए दो अज्ञात बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, भतीजे के सामने गल्ले से उड़ाए पैसे।

डेरापुर, कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र के गलुवापुर बाजार में रविवार को दिनदहाड़े एक दुकान से मोबाइल फोन और नकदी लूटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार ने थाना पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिगनिश निवासी अभय शुक्ला, पुत्र अश्वनी कुमार शुक्ला, की गलुवापुर मार्केट में फुटवियर एवं जनरल स्टोर की दुकान है। पीड़ित के अनुसार घटना के समय उनका भतीजा दुकान पर मौजूद था और उसके पास उनका मोबाइल फोन रखा था। इसी दौरान काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक दुकान पर पहुंचे और मौका पाकर दुकान के गल्ले में रखे ₹8,700 तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद उन्होंने डेरापुर थाने में तहरीर देकर मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर आरोपियों की पहचान कर जल्द खुलासा करने की मांग की है। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।



