कानपुर: खोखले आश्वासन नहीं, अब रोटी-कपड़ा और दवा चाहिए! घाटमपुर अग्निकांड पीड़ितों का छलका दर्द
अग्निकांड से उजड़े परिवार के बीच पहुंचे व्यापारी, नकद सहायता के साथ बंधाया ढांढस

- अग्निकांड में राम किशन गुप्ता की मौत के बाद बेघर हुए परिवार से मिले व्यापारी।
- दमकल विभाग की देरी पर व्यापारियों और जनता ने जताई कड़ी नाराजगी।
- आदर्श व्यापार मंडल ने 21 हजार नगद और कूलर देकर शुरू की मदद की मुहिम।
- जिलाधिकारी से घायलों के बेहतर उपचार और ठहरने की व्यवस्था हेतु की अपील।
घाटमपुर (कानपुर)। आज रविवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं व्यापारियों ने कसबे में हुए अग्निकांड पीड़ित परिवार से मुलाकात की। आरोप है कि दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकीं। जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और नुकसान कई गुना बढ़ गया।
गत शनिवार की भोर पहर घाटमपुर कसबे के दीना मार्केट रोड में हुई भीषण आग की घटना ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। इस हादसे में राम किशन गुप्ता की जलने से दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि उनके परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में भर्ती हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आग में घर, गृहस्थी का सामान और वर्षों की कमाई पूरी तरह नष्ट हो गई।
व्यापार मंडल के लोगों ने बताया कि घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि यदि समय पर राहत मिलती, तो शायद जान बचाई जा सकती थी।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापार मंडल की ओर से तत्काल राहत स्वरूप 21 हजार रुपए नगद तथा एक समर कूल कंपनी का कूलर प्रदान किया गया। साथ ही, जिलाधिकारी कानपुर नगर से फोन पर वार्ता कर घायलों के लिए एक माह तक ठहरने हेतु दो एसी युक्त कमरों की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में रजत पांडेय, श्याम सुंदर, ललित सोनी, प्रदीप मिश्रा, विपिन ओमर, उसामा मिर्ज़ा, आशीष पाण्डेय, अमित सोनी, विनीत गुप्ता, सुरेश ओमर, आदर्श पंडित, रामेश्वर स्वर्णकार, मयंक ओमर, सुभाष एवं अमरनाथ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इधर, पीड़ित परिवार ने भावुक अपील करते हुए कहा कि कई लोग केवल औपचारिकताएं निभाते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं। जबकि उन्हें तत्काल दवा, कपड़े और भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए वास्तविक सहायता की जरूरत है।
फोटो- पीड़ितों के साथ व्यापार मंडल के लोग।
ये भी पढ़े- कानपुर: घाटमपुर मे शार्ट सर्किट से लगी आग से मकान और छह दुकानें राख- एक वृद्ध की मौत, पांच लोग झुलसे



