कानपुर देहात: अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा अकबरपुर स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रैन बसेरे में स्वच्छता, पेयजल, बिस्तर और कंबल की उपलब्धता का लिया जायजा।

कानपुर देहात: शीत ऋतु के दृष्टिगत आमजन को उपलब्ध कराई जा रही राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा अकबरपुर स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में ठहर रहे निराश्रित/जरूरतमंद व्यक्तियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी द्वारा रैन बसेरे में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिस्तर, कंबल, रात्रि विश्राम एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि रैन बसेरे में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त संख्या में कंबल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरे में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को रैन बसेरे की सुविधा से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने रात्रिकालीन निरीक्षण एवं सतत निगरानी के भी निर्देश दिए ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।निरीक्षण के दौरान विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पेयजल की नियमित आपूर्ति, शौचालयों की साफ-सफाई तथा सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।अंत में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शीतलहर से प्रभावित जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़े- औरैया: अछल्दा में झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले अभियुक्त असलहे के साथ दबोचे गए



