कानपुर देहात: अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ”
दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक होगी।

कानपुर देहात: जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्वाचन सूची पुनरीक्षण की सभी प्रमुख गतिविधियाँ निर्धारित तिथियों के अनुसार संपादित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सर्वप्रथम 28 अक्टूबर से 03 नवम्बर, 2025 तक विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित तैयारी, प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों का मुद्रण किया जायेगा। 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जायेगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जायेगा। 09 दिसम्बर, 2025 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक होगी। नोटिस जारी किये जाने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय किये जाने की अवधि 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक होगी। 07 फरवरी, 2026 को अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।जिलाधिकारी ने बताया कि इस दौरान सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
किसी भी पद को रिक्त नहीं रखा जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जनसहभागिता को भी प्रोत्साहित किया जाए। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि जिन नागरिकों की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।



