कानपुर देहात: कागज़ पर उतरी ‘नदी बचाओ’ की मुहिम: रनियां में छात्रों ने लिखे दमदार निबंध
विजेता छात्रों को किया गया सम्मानित, सभी को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय इंटर कॉलेज, रनियां में “नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी (डी.पी.ओ.)विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में अर्पित अवस्थी ने प्रथम स्थान, सोनाली शर्मा ने द्वितीय स्थान, अवंतिका पाल ने तृतीय स्थान तथा वीनू को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं विशेष जागरूकता गतिविधियों के तहत यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है, ताकि छात्र-छात्राओं में जल, नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने कहा कि हमारे देश की अधिकांश जनसंख्या नदियों के किनारे निवास करती है और कृषि कार्यों के लिए सिंचाई भी इन्हीं नदियों से होती है।
इसलिए नदियों को प्रदूषण से बचाना तथा उनमें पाए जाने वाले जलीय जीवों और जैव विविधता का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में निर्णायक मण्डल के रूप में उमा कटियार (जिला संयोजक, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, भारतीय जनता पार्टी, कानपुर देहात), रमा तिवारी (जलज परियोजना सहायक), दीपिका सेंगर (सदस्य, पर्यावरण समिति, कानपुर देहात) एवं शिव सिंह चंदेल (प्राचार्य, क्षेत्रीय इंटर कॉलेज, रानिया) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ भी मौजूद रहा।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात : आरएसजीयू पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत निबंध प्रतियोगिता आयोजित



