कानपुर देहात की शेरनी के कंधे पर सजा ‘रजत पदक’ एसपी ने वर्दी पर लगाया सम्मान का सितारा
गणतंत्र दिवस 2026 को हुई थी इस सराहनीय सम्मान की घोषणा।

- कानपुर देहात एसपी ने एएचटीयू प्रभारी अमिता वर्मा को पदक लगाकर किया सम्मानित।
- अमिता वर्मा को उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (रजत)।
- 26 जनवरी 2026 को हुई थी इस राजकीय सम्मान की घोषणा।
- पुलिस अधीक्षक ने अमिता वर्मा की कार्यनिष्ठा को अन्य पुलिसकर्मियों के लिए बताया मिसाल।
कानपुर देहात में आज का दिन नारी शक्ति और खाकी के समर्पण के नाम रहा। जनपद की तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी अमिता वर्मा को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के सर्वोच्च सम्मानों में से एक ‘डीजीपी प्रशंसा चिन्ह’ (रजत) से नवाजा गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने खुद अपने हाथों से पदक लगाकर अमिता वर्मा को सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस पर चमका था अमिता वर्मा का नाम
एएचटीयू (AHTU) प्रभारी अमिता वर्मा की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर इस पदक की घोषणा की गई थी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण द्वारा प्रदत्त यह ‘रजत प्रशंसा चिन्ह’ आज उनकी वर्दी की शोभा बना। अमिता वर्मा को यह सम्मान उनकी लंबी, समर्पित और बेदाग पुलिस सेवा के लिए दिया गया है।
वर्दी का मान बढ़ा, पूरे जिले को मिला गर्व
सम्मान समारोह के दौरान एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अमिता वर्मा के हौसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब किसी अधिकारी को उनकी मेहनत का फल मिलता है, तो वह पूरे विभाग के लिए ऊर्जा का काम करता है। अमिता वर्मा की यह उपलब्धि कानपुर देहात पुलिस के हर जवान के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले के अन्य पुलिसकर्मी भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य कर विभाग का नाम रोशन करेंगे।
अमिता वर्मा ने जताया आभार
अपनी वर्दी पर रजत पदक सजने के बाद एएचटीयू प्रभारी अमिता वर्मा भावुक भी दिखीं और गर्व से भरी भी। उन्होंने इस विशेष सम्मान के लिए पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह पदक उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: थाना प्रभारी अमिता वर्मा के स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई,दिखीं भावुक



