कानपुर देहात के अफसरों को सख्त हिदायत: छुट्टी के दिन मुख्यालय छोड़ने पर गिरेगी गाज
जिलाधिकारी कानपुर देहात को भी भेजी गई आदेश की प्रति।

कानपुर देहात में प्रशासनिक अनुशासन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक अवकाश के दौरान बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ना भारी पड़ सकता है। सरकारी कार्यों की संवेदनशीलता और शासन के नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने इस संबंध में लिखित निर्देश जारी किए हैं।
बिना पूर्व अनुमति स्टेशन छोड़ना अनुशासनहीनता
मुख्य विकास अधिकारी के संज्ञान में आया है कि कई अधिकारी शासन के पुराने निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं और छुट्टियों में बिना बताए जिले से बाहर चले जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह न केवल शासनादेशों का उल्लंघन है बल्कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बाधित करता है। अब से किसी भी जिला स्तरीय अधिकारी को मुख्यालय छोड़ने से पहले सक्षम प्राधिकारी से लिखित और विधिवत अनुमति लेनी होगी।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
जारी निर्देशों के अनुसार, यदि भविष्य में कोई भी अधिकारी इस नियम का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के गायब रहने वाले अधिकारियों पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस आदेश की प्रति जिलाधिकारी को भी भेज दी गई है ताकि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके।



