कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात के मंगलपुर में सनसनी: खेत में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

राहुल कुमार/झींझक: मंगलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह खेतों के बीच एक पेड़ से रस्सी के सहारे युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना व चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने लिए।
मिली जानकारी के मुताबिक थाना मंगलपुर क्षेत्र के गढ़िया पृथ्वीराज और विजय रामपुर गांव के बीच खेतों में 48 वर्षीय एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान डेरापुर थाना क्षेत्र के मवई मुक्ता गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के फूफा मुहर सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घटना के बाद परिवारजन बेहाल हो गए। मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा, बेटी दीक्षा व लाडो सहित बेटा आदित्य एवं अनुज को छोड़ गए हैं। परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाए जाने की आशंका जताई है।
मृतक के फूफा मुहर सिंह, जो भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं, उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी चंदा देवी के साथ गढ़िया पृथ्वीराज गांव में रहते हैं और उनकी कोई संतान नहीं है। उन्होंने प्रमोद कुमार की बड़ी बेटी दीक्षा को गोद लिया था और अपनी जमीन भी उसके नाम कर दी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर परिवार के कुछ लोग रंजिश मानने लगे थे। इससे पहले भी विवाद हो चुका था।
झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles

AD
Back to top button