कानपुर देहात: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में 24 मध्यस्थ अधिवक्ताओं की भर्ती, कल होगा साक्षात्कार
कानपुर देहात में मध्यस्थता केंद्र को मिलेगी मजबूती, 26 आवेदकों ने किया है आवेदन

कानपुर देहात। जनपद में न्यायिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने और मध्यस्थता (Mediation) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात, मध्यस्थ अधिवक्ताओं की भर्ती करने जा रहा है। अपर जिला जज / नामित सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस संबंध में महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।
माननीय न्यायालय, इलाहाबाद और उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मध्यस्थ अधिवक्ताओं के 24 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है। इन पदों के लिए कुल 26 आवेदकगण द्वारा दिनांक 05 अगस्त 2025 तक आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकण, कानपुर देहात द्वारा एक मध्यस्थ चयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति द्वारा मध्यस्थ आवेदक अधिवक्ताओं का साक्षात्कार 02 दिसंबर 2025 को अपराह्न 04:30 बजे न्यायालय परिसर के सभागार कक्ष में लिया जाना सुनिश्चित किया गया है।
भर्ती की अर्हता उत्तर प्रदेश शासन, न्याय अनुभाग-2 (अधीनस्थ न्यायालय) की दिनांक 23 मार्च, 2021 की अधिसूचना, यानी उत्तर प्रदेश सिविल प्रक्रिया (जिला न्यायालय) मध्यस्थता नियमावली, 2021 के अनुरूप है। चयन इन नियमावली के अधीन ही होगा।
आवेदकगण विस्तृत जानकारी, आवेदन पत्र के प्रारूप और नियमावली के लिए जनपद न्यायालय की वेबसाइट https://kanpurdehat.dcourts.gov.in के साथ-साथ उ० प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ (www.upslsa.up.nic.in) और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली (www.nalsa.gov.in) की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: परिवार गया शादी में,चोरों ने उड़ाए नगदी समेत लाखों के जेवरात



