कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

चालान नहीं, जागरूकता! SP ने बिना हेलमेट वालों को हेलमेट बांटकर ‘यातायात माह’ का किया समापन

एसपी ने दिलाई सामूहिक शपथ, हेलमेट न पहनने वालों को चालान के बजाय बांटे निःशुल्क हेलमेट

कानपुर देहात। कानपुर देहात पुलिस द्वारा पूरे नवंबर माह चलाए गए सघन “यातायात जागरुकता माह-2025” का समापन आज  कस्बा अकबरपुर में पुल के नीचे आयोजित एक भव्य समारोह में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने की।

समापन समारोह में क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जागरूकता और कड़ी कार्यवाही

समारोह का शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने यातायात नियमों के पालन को जीवन रक्षक बताते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इनका अनुपालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा का प्रमुख आधार है।”

इस अवसर पर यातायात नियमों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों और प्रतिभागियों को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।

निःशुल्क हेलमेट वितरण की पहल

अभियान के दौरान कानपुर देहात पुलिस ने एक सराहनीय पहल की। जिन दो पहिया वाहन चालकों के पास हेलमेट नहीं पाए गए, उन्हें तत्काल चालान जारी करने के बजाय, यातायात पुलिस द्वारा निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस निवारक उपाय का उद्देश्य चालकों में जागरूकता पैदा करना था, जिसकी स्थानीय नागरिकों ने खूब प्रशंसा की।

सामूहिक शपथ और कार्यवाही का विवरण

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सामूहिक शपथ ग्रहण था, जहाँ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे में वाहन न चलाने का वचन लिया।

इस एक माह के सघन चेकिंग अभियान के दौरान, दिनांक 01.11.2025 से 30.11.2025 तक, यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों के आधार पर कुल 5610 चालान किए गए, जिससे पुलिस द्वारा 01 करोड़ 25 हजार 600 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। सर्वाधिक 2747 चालान बिना हेलमेट के किए गए। इसके अतिरिक्त, तीन सवारी (412), गलत दिशा में वाहन चलाना (289), नो-पार्किंग (630) और वैध दस्तावेज न होने पर 81 वाहनों को सीज भी किया गया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में 24 मध्यस्थ अधिवक्ताओं की भर्ती, कल होगा साक्षात्कार

Related Articles

AD
Back to top button