कानपुर देहात: टूटने की कगार पर थे घर, पुलिस की ‘नई किरण’ ने फिर से महकाईं खुशियां
कंचन मिश्रा और डॉ. पूनम गुप्ता की काउंसलिंग ने बदल दी 3 परिवारों की जिंदगी।

कानपुर देहात: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश में चल रहे “मिशन शक्ति 5.0” के द्वितीय चरण के तहत आज कानपुर देहात में एक नई इबारत लिखी गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आपसी विवादों के कारण टूटने की कगार पर खड़े परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधना और समाज में पारिवारिक समरसता स्थापित करना है।
रविवार के आयोजन में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के समक्ष कुल 30 मामले प्रस्तुत किए गए। इनमें से अधिकांश मामलों में पति-पत्नी के बीच छोटे-मोटे विवाद और आपसी तालमेल की कमी देखी गई। नई किरण समिति के सदस्यों और महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की और उन्हें साथ रहने के फायदों के बारे में समझाया। घंटों चली इस समझाइश का सकारात्मक परिणाम निकला और 03 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर समझौता करा दिया गया। विवाद भुलाकर पति-पत्नी एक बार फिर खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है।
इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में महिला सहायता प्रकोष्ठ और समिति के सदस्यों ने पूरी निष्ठा से अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल जयमाला, महिला कांस्टेबल रीनू, रंजना सोनकर, महिला कांस्टेबल शिवम पाण्डेय और पिंकी देवी ने काउंसलर की भूमिका निभाई। इसके साथ ही ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की सदस्य कंचन मिश्रा और डॉक्टर पूनम गुप्ता का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपनी सूझबूझ से कड़वाहट दूर कर परिवारों में प्रेम की नई किरण जगाई।



