कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में पुलिस एनकाउंटर: 25 हजार का इनामी बदमाश सुल्तान पैर में गोली लगने से गिरफ्तार, साथी फरार

भोगनीपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ के दौरान डेढ़ दर्जन मुकदमों का वांछित गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस और लूट का माल बरामद

कानपुर देहात: जनपद की थाना भोगनीपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को हुई एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है। हालांकि उसका एक शातिर साथी रिजवान अत्ता उर्फ पहलवान अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मुठभेड़ का पूरा विवरण

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में भोगनीपुर पुलिस टीम गौराडाडा तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की। भागने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल स्लिप होकर गिर गई और खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की जिसमें एक बदमाश सुल्तान के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त सुल्तान पुत्र पीर मोहम्मद जनपद उन्नाव के थाना गंगाघाट क्षेत्र का निवासी है।

अपराधिक इतिहास और बरामदगी

गिरफ्तार अभियुक्त सुल्तान के विरुद्ध कानपुर नगर, उन्नाव और कानपुर देहात के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में करीब 18 अभियोग पंजीकृत हैं। वह भोगनीपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था जिस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। फरार अभियुक्त रिजवान अत्ता भी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है जिसके विरुद्ध पूर्व में 21 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस, 12,400 रुपये नकद, एक रेडमी मोबाइल, पीली धातु के टूटे हुए आभूषण और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

एनकाउंटर के बाद फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और पुलिस मुठभेड़ व अवैध शस्त्रों की बरामदगी के आधार पर थाना भोगनीपुर पर सुसंगत धाराओं में नया अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।


Related Articles

AD
Back to top button