कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: डेरापुर में शराब न देने पर सेल्समैन पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लोहे की रॉड से पीटा

समय खत्म होने पर दुकान खोलने से किया था मना, गोलू और गुडलक समेत 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

डेरापुर/कानपुर देहात: जनपद के डेरापुर थाना क्षेत्र में नियम का पालन करना एक सेल्समैन को भारी पड़ गया। अंग्रेजी शराब की दुकान बंद होने के बाद शराब न देने पर दबंगों ने सेल्समैन पर लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रात के अंधेरे में दबंगों का तांडव

घटना ग्राम नोनारी बुजुर्ग की है, जहां बलवीर सिंह अंग्रेजी शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। बीती 26 मार्च की रात करीब 10 बजे जब बलवीर सिंह दुकान बंद कर चुके थे, तभी रैंगवा निवासी गोलू और विसोहा निवासी गुडलक अपने चार अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने जबरन दुकान खुलवाकर शराब की मांग की। सेल्समैन द्वारा सरकारी समय सीमा समाप्त होने का हवाला देकर मना करने पर दबंग आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया।

बेटे के सामने पिता को मरणासन्न कर भागे हमलावर

पास की ही देसी शराब दुकान पर मौजूद बलवीर के बेटे कपिल सिंह ने बताया कि शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा, तो देखा कि हमलावर लोहे की रॉड से उसके पिता को बेरहमी से पीट रहे थे। हमले में बलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पकड़े जाने के डर से हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वादी कपिल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने धारा 118(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा संख्या 74/2026 पंजीकृत कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़े-  हमीरपुर पुलिस अधीक्षक का थाना राठ में औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं को परखने के साथ सुरक्षा पर दिया जोर

Related Articles

AD
Back to top button