कानपुर देहात: डेरापुर में जनगणना 2027 का आगाज, प्रगणकों को सिखाई जा रही गणना की बारीकियां
गुड़ा देवी श्याम बिहारी महाविद्यालय में 5 मई तक चलेगा प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण के लिए जुटे कर्मचारी

कानपुर देहात के डेरापुर में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार से डेरापुर के गुड़ा देवी श्याम बिहारी महाविद्यालय में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम विधिवत शुरू हो गया। 20 अप्रैल से 5 मई तक चलने वाले इस शिविर में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को सर्वे की तकनीकी बारीकियों और डिजिटल डेटा संकलन का कड़ा अभ्यास कराया जाएगा।
विकास योजनाओं का आधार बनेगी सटीक गणना
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना के आंकड़े केवल संख्या नहीं, बल्कि देश की भविष्य की विकास योजनाओं और संसाधनों के सही वितरण का आधार होते हैं। उपजिलाधिकारी शिखा शंखवार ने प्रशिक्षुओं को निर्देश दिए कि मकानों का सूचीकरण और परिवारों के विवरण का संकलन पूरी निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
प्रशिक्षण के प्रथम दिन तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी कुलकमल सिंह सहित प्रियम शुक्ला, लालू शुक्ल और जयशंकर द्विवेदी जैसे प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अभिलेखों के रखरखाव और सर्वेक्षण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय योगदान दें ताकि जनपद के विकास के लिए सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।
ये भी पढ़े- नारी सुरक्षा और स्वावलंबन का संकल्प, कानपुर देहात में गूंजा मिशन शक्ति 5.0 का संदेश



