कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

संकुल बैठक से सुधरेगी परिषदीय स्कूलों की सूरत, कल तैयार होगी 30 दिनों की रणनीति

बीएसए ने जारी किए निर्देश, खेल-कहानी और नवाचार के जरिए बच्चों को स्कूल से जोड़ने की कवायद

राजेश कटियार,कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को नए आयाम देने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में 21 अप्रैल को जनपद के विभिन्न शिक्षक संकुलों में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अगले 30 दिनों के लिए एक प्रभावी कार्य योजना तैयार करना है, जिससे बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाया जा सके।

समूहों में बंटकर शिक्षक बनाएंगे भविष्य का रोडमैप

बीएसए अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बैठक में शिक्षकों को अलग-अलग समूहों में बांटा जाएगा। यह समूह बच्चों के आत्मीय स्वागत, उनके सीखने के स्तर की पहचान और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार करेंगे। बैठक में केवल किताबी ज्ञान पर ही नहीं, बल्कि खेल, कहानी, संवाद और नवाचार (Innovation) के माध्यम से शिक्षा को रुचिकर बनाने पर जोर दिया जाएगा। शिक्षक अपने समूहों के साथ मिलकर योजनाएं प्रस्तुत करेंगे और सबसे बेहतर मॉडल को भविष्य में लागू किया जाएगा।

स्कूल चलो अभियान और अभिभावक जागरूकता पर जोर

शिक्षण कार्य के साथ-साथ इस बैठक में ‘स्कूल चलो अभियान’ को गति देने पर भी विस्तृत चर्चा होगी। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से सीधा संपर्क करेंगे और उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे। बैठक का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चा न केवल स्कूल में नामांकित हो, बल्कि उसकी नियमित उपस्थिति भी बनी रहे। शैक्षिक सत्र 2026-27 के कैलेंडर और विभागीय प्राथमिकताओं को लेकर भी शिक्षकों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे ताकि जनपद का शैक्षिक ग्राफ ऊपर जा सके।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: रसूलाबाद में जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार, खेत में पानी लगाते समय किया था कुल्हाड़ी से वार

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button