उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: डेरापुर सीएचसी में आशा वर्कर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू,14 सूत्रीय मांगों पर प्रदर्शन

पोलियो अभियान नहीं होने दिया जायेगा प्रभावित: सीएचसी अधीक्षक डॉ अशोक कुमार

कानपुर देहात के डेरापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार को आशा वर्कर्स और आशा संगिनियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंची आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी आशा वर्कर्स ने बताया कि उनकी 14 सूत्रीय मांगें लंबित हैं जिन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है।इन मांगों में बकाया आधार प्रोत्साहन राशि,राज्य वित्त आपूर्ति राशि और विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में किए गए कार्यों का तत्काल भुगतान शामिल है।इसके अतिरिक्त आशा एवं आशा संगिनियों को ईपीएफ और ईएसआई का सदस्य बनाने,सेवानिवृति पर ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने और न्यूनतम वेतनमान लागू होने तक आशा कर्मियों को 21000 रूपये तथा आशा संगिनियों को 28000 रूपये देने की मांग की गई है।आशा वर्कर्स ने जानकारी दी कि सोमवार को जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की गई थी।

जिसके क्रम में मंगलवार को डेरापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में यह धरना आयोजित किया गया।इस बीच 14 दिसंबर से शुरू हुए पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है।डेरापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ अशोक कुमार ने बताया कि सुबह कुछ समय तक आशा वर्कर्स हड़ताल पर थीं लेकिन कुछ समय बाद वे काम पर लौट आईं।

उन्होंने कहा कि यदि हड़ताल के कारण कहीं कोई समस्या आती है तो पोलियो अभियान को एनजीओ और निजी सहयोगियों की मदद से आगे बढ़ाया जायेगा।उन्होंने जोर दिया कि यह एक राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अभियान है और इसे किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होने दिया जायेगा।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: ECCE एजूकेटर भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों से रहें सावधान, बीएसए ने जारी की सख्त चेतावनी

Related Articles

AD
Back to top button