कानपुर देहात में सड़क हादसे में घायल टाइल्स कारीगर की इलाज की दौरान मौत,परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक टाइल्स कारीगर की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई।मृतक की पहचान 52 वर्षीय रामप्रकाश के रूप में हुई है।रामप्रकाश बीते शुक्रवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिनका कानपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
सोमवार रात उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।डगरहा गांव निवासी रामप्रकाश टाइल्स लगाने के कुशल कारीगर थे।शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह रूरा से काम निबटाकर गांव के श्री किशन के साथ बाइक से घर वापस लौट रहे थे।श्री किशन बाइक चला रहा था।तभी जगनपुर गांव के पास मिंडा कुआं की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक ने राम प्रकाश की हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात कानपुर रेफर कर दिया था।
मृतक के पुत्र अंकित ने बताया कि उनके पिता का बीते चार दिनों से कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।सोमवार रात्रि करीब आठ बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।रामप्रकाश की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी सुनीता,पुत्र अंकित,शिवम्,अनुराग तथा पुत्रियां साधना, हिमांशी का रो रो कर बुरा हाल था।परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही एस आई जितेंद्र सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।थाना प्रभारी अमित शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



