कानपुर देहात: तेजाब पीने को मजबूर करने वाला सूदखोर चढ़ा भोगनीपुर पुलिस के हत्थे, पुखरायां चौकी प्रभारी ने मवई रोड से दबोचा
ब्याज के दलदल में धकेल कर शिवगणेश को मौत के मुंह में सुलाने वाला 61 साल का राजेश द्विवेदी गिरफ्तार, सुसाइड नोट के आधार पर हुई कार्रवाई।

भोगनीपुर/पुखरायाँ। पुखरायां इलाके के दीनदयाल नगर में रहने वाले शिवगणेश को मनमाने ब्याज और धमकी के जाल में फंसाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले शातिर आरोपी को भोगनीपुर पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस कप्तान श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चल रहे धरपकड़ अभियान के तहत पुखरायां चौकी प्रभारी अमरेंद्र प्रताप सिंह और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वांछित चल रहे आरोपी राजेश कुमार द्विवेदी को मवई रोड पर भूप सिंह के ढाबा के पास पुलिया से महज बीस कदम की दूरी पर घेराबंदी करके दबोच लिया।
पूरा मामला यह है कि दीनदयाल नगर पुखरायां की रहने वाली रीता तिवारी ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया था कि उनके स्वर्गीय पति शिवगणेश ने साल 2022 में जालौन के हासा गांव निवासी राजेश द्विवेदी से पुखरायां के ही चंद्र प्रकाश को कुछ रुपये उधार दिलाने में मदद की थी। चंद्र प्रकाश की नीयत खराब होने पर जब पैसा वापस नहीं मिला, तो राजेश द्विवेदी अपने गुर्गों के साथ शिवगणेश के घर और दुकान पर आकर धमकाने लगा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूरा पैसा चुकता करने के बाद भी आरोपी मनमाना ब्याज और मोटी रकम की मांग कर रहा था और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहा था। इस भारी उत्पीड़न से तंग आकर 17 दिसंबर 2025 को शिवगणेश ने तेजाब पी लिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की जेब से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें प्रताड़ना की पूरी कहानी दर्ज थी।
घटना के बाद भोगनीपुर थाने में धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुटी थी। पकड़ा गया 61 वर्षीय आरोपी राजेश द्विवेदी पुराना अपराधी है, जिस पर पहले से ही जालौन के कदौरा और कानपुर देहात के देवराहट थाने में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल हर्ष चौधरी और अनुज कुमार ने आरोपी को दबोचने में अहम भूमिका निभाई, जिसे अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर अदालत के सामने पेश किया जा रहा है।
ये भी पढे- चमचमाते बाजार और चौराहों पर गूंजी सुरक्षा की आवाज, कानपुर देहात पुलिस ने सिखाया हक के लिए लड़ना



