कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात-दहेज लोभियों की क्रूरता: चार पहिया गाड़ी और 10 लाख के लिए बेटी की गला घोंटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सबलपुर सौरापुर में विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला, मंगलपुर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त मोहित को दबोचा

कानपुर देहात में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने विवाहिता की दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित पिता ने 8 जून को थाना मंगलपुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री के ससुराल वाले शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में एक चार पहिया गाड़ी और 10 लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वे आए दिन उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज, मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। पीड़ित बेटी ने जब फोन पर अपने पिता को इस प्रताड़ना की जानकारी दी, तो पिता अपनी बेटी को वापस लिवाने के लिए ग्राम सबलपुर पहुंचे। वहां भी आरोपियों ने सुधरने के बजाय लड़की के पिता के साथ बदसलूकी की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद बीते 7 जून को आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए विवाहिता की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

सैय्यद बाबा मजार के पास से हुआ गिरफ्तार

पिता की तहरीर पर मंगलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित और उसके परिवार के अन्य सदस्यों सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और दहेज उत्पीड़न (बीएनएस व डीपी एक्ट) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश यादव, कांस्टेबल सोनू कुमार और कृष्ण अवतार की टीम ने जाल बिछाकर मुख्य अभियुक्त मोहित को सैय्यद बाबा मजार के पास बम्बा पुलिया औरंगाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पुराना हिस्ट्रीशीटर है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त मोहित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही वर्ष 2022 और 2024 में मारपीट, गाली-गलौज और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले थाना मंगलपुर में दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं मामले के शेष 8 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


ये भी पढे-  कानपुर देहात में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बड़ा फेरबदल, एसपी ने बदले कई थाना और चौकी प्रभारी


Related Articles

AD
Back to top button