उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: नवोदय प्रवेश परीक्षा को लेकर बीएसए ने कसी कमर, बीईओ को दिए अहम निर्देश

कानपुर देहात में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों का नवोदय में दाखिला बढ़ाने की कवायद तेज़, नो बैग डे और पुस्तकालय व्यवस्था पर भी बना प्लान

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा-6 में प्रवेश परीक्षा के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

बैठक में बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर समयबद्ध ढंग से उनके ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कराएं ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा में शामिल होकर चयनित हो सकें। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में चयन परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक अवसर प्रदान करता है इसलिए इस अभियान को गंभीरता से लिया जाए। इस दौरान परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय भ्रमण कराने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बीएसए ने कहा कि बच्चों को आवासीय विद्यालयों के अनुशासित वातावरण, आधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था से परिचित कराने से उनमें उच्च शिक्षा के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होगी। बैठक में विद्यालयों में आयोजित होने वाले नो बैग डे को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर बच्चों को प्रयोगशाला आधारित गतिविधियों, विज्ञान प्रयोगों, गतिविधि आधारित शिक्षण और नवाचारों से जोड़ने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, समस्या समाधान क्षमता, रचनात्मकता तथा प्रयोगात्मक कौशल का विकास होगा।

इसके अलावा विद्यालयों की पुस्तकालय व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, बच्चों में नियमित रूप से पुस्तकें एवं समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने तथा विद्यालयों में पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी मंथन किया गया। बीएसए ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी क्रमशः मनोज कुमार सिंह अकबरपुर, अजब सिंह रसूलाबाद/मैथा, अजीत प्रताप सिंह सरवनखेड़ा, अशोक कुमार सिंह राजपुर, शैलेश द्विवेदी झींझक, ईश्वरकांत मिश्रा अमरौधा, सपना सिंह मलासा, आनन्द भूषण संदलपुर, चंद्रजीत सिंह डेरापुर एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नवोदय प्रवेश परीक्षा में अधिकाधिक विद्यार्थियों का आवेदन सुनिश्चित कराने तथा परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता और नवाचार आधारित शिक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 18 पुलिसकर्मियों के तबादले


 

Related Articles

AD
Back to top button