कानपुर देहात: नियम विरुद्ध समायोजन के विरोध में शैक्षिक महासंघ ने सौंपा ज्ञापन
जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।

कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में चल रहे समायोजन के विरोध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जनपदीय पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहा है जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि पिछले शैक्षिक सत्र से लगातार नियमों को ताक पर रखकर समायोजन किए जा रहे हैं।
पहले प्रधानाध्यापकों को हटाकर विद्यालय एकल किए गए, अब जूनियर विद्यालयों में शिक्षकों के विषय के मानक का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। एक ही विषय के कई कई शिक्षक हो गए हैं। संविलयन विद्यालय के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद के लिए अलग-अलग शासनादेश अलग-अलग समय में प्रयोग किया जा रहे हैं।
जिला संगठन मंत्री अनंत त्रिवेदी ने बताया कि जूनियर विद्यालयों में विषय आधारित सरप्लस और रिक्तियों की सूची जारी नहीं की जा रही है। संविलियन विद्यालयों का अलग से कोई डेटा नहीं लिया गया है। 6 माह पूर्व जो शिक्षक समायोजित किए गए थे उन पर फिर से समायोजन की तलवार लटक रही है। मर्ज विद्यालयों के लिए स्पष्ट दिशा निर्देशों का अभाव है, उन्हें स्वतंत्र इकाई के रूप में समायोजन में शामिल करना चाहिए। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संत कुमार दीक्षित, अजय कुमार गुप्ता, महामंत्री सुनील कुमार उपस्थित रहे।



