कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने विशेष रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों पर ध्यान केंद्रित किया।
कानपुर देहात: जनपद की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने आज शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का विस्तृत निरीक्षण किया। 2 जनवरी 2026 को हुए इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल में अनुशासन और कार्यकुशलता को परखने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने विशेष रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने रिक्रूट्स के प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन, समयबद्धता और उनकी शिक्षण विधि की समीक्षा की। साथ ही फिजिकल ट्रेनिंग और व्यवहारिक ज्ञान के स्तर को लेकर वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
परेड में एकरूपता और उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार ड्रिल भी करवाई। परेड के समापन के बाद उन्होंने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष का रुख किया, जहां सभी गार्द रजिस्टरों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान उन्होंने गार्द कमांडरों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के कड़े निर्देश दिए।
इस मौके पर पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



