कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश, त्यौहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बुधवार 14 जनवरी 2026 को पुलिस कार्यालय में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया।

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बुधवार 14 जनवरी 2026 को पुलिस कार्यालय में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक के दौरान उन्होंने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह और विभिन्न थाना प्रभारियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए उन्होंने जागरूकता अभियान चलाकर आम जनता को सचेत करने पर जोर दिया। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और पैदल व रात्रि गस्त तेज करने के आदेश दिए गए ताकि आम जनमानस खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांप्रदायिक उन्माद या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी घटना की रोकथाम हेतु सतर्कता बरती जाए और ऐसे मामलों में त्वरित व न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन ने जनसुरक्षा और कानून के शासन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया है।



