कानपुर देहात: पुलिस लाइन्स में ‘वामा सारथी’ ने मनाया मदर्स डे, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
मदर्स डे पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने दी शुभकामनाएं; पुलिस परिवार की माताओं को किया गया सम्मानित

कानपुर देहात। अन्तर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर आज पुलिस लाइन्स जनपद कानपुर देहात में ‘वामा सारथी’ के तत्वावधान में एक भव्य और भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष दिन पर समाज और परिवार की मूल आधारशिला ‘मातृ शक्ति’ के सम्मान, उनके निस्वार्थ त्याग और तपस्या को याद किया गया।
कार्यक्रम जनपद की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही ने की। इस दौरान पुलिस परिवार की माताओं को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी माताओं को बधाई देते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति पुलिस विभाग की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों के इस ऊर्जावान और भावुक प्रदर्शन ने पूरे सभागार को जीवंत कर दिया, जिसकी वहां मौजूद सभी अधिकारियों और परिजनों ने जमकर सराहना की। अर्चना सिरोही ने कार्यक्रम की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित किया।



