कानपुर देहात: बरगवां क्रिकेट टूर्नामेंट में बेड़ामऊ का ट्रॉफी पर कब्जा, फाइनल में दलेलनगर को हराया
जिला पंचायत सदस्य संजय सचान बोले खेलों के आयोजन से समाज में बढ़ता है भाईचारा

- बाला जी क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित सात दिवसीय टूर्नामेंट का हुआ समापन।
- फाइनल मुकाबले में बेड़ामऊ ने दलेलनगर को हराकर जीती ट्रॉफी।
- विजेता टीम को शील्ड, एलईडी और नगद पुरस्कार से किया गया सम्मानित।
- जिला पंचायत सदस्य संजय सचान ने खेल को भाईचारे का प्रतीक बताया।
- मैच के सफल आयोजन में सोनू निगम, प्रशांत और सुशील शर्मा का रहा विशेष योगदान।
पुखरायां। कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के बरगवां गांव में आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।यह आयोजन बाला जी क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित किया गया।इस दौरान विजेता प्रतिभागियों को शील्ड,एलईडी तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।जिला पंचायत सदस्य संजय सचान,बाल शक्ति हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक चंद्रभान सिंह तथा पूर्व प्रधान भगवती प्रसाद ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम दिन आज बुधवार को सेमी फाइनल तथा फाइनल मैच खेले गए।
पहला सेमीफाइनल मैच बरगवां तथा दलेलनगर टीमों के मध्य खेला गया।दलेलनगर ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित ओवरों में 79 रन बटोरे।जवाब में बरगवां की टीम 70 रनों पर ही सिमट गई और दलेलनगर ने यह मैच जीत लिया।दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पुखरायां और बेड़ामऊ के बीच हुआ।पुखरायां की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित ओवर में 79 रन बनाए।जवाब में बेड़ामऊ की टीम ने 6 ओवर में 81 रन बनाकर यह मैच जीत लिया।इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दलेलनगर और बेड़ामऊ टीम के बीच खेला गया।बेड़ामऊ की टीम ने उम्दा बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 156 रन बनाए।जिसके जवाब में दलेलनगर मात्र 69 रन ही बना सकी और प्रतियोगिता में बेड़ामऊ की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा किया।
मैच में अंपायर की भूमिका सोनू निगम,बाबा सत्येंद्र और राजपूत ने निभाई,कमेंट्रेटर की भूमिका प्रशांत ने तथा स्कोरर की भूमिका दिलखुश,विष्णु और सुशील शर्मा ने निभाई।टूर्नामेंट के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य संजय सचान समेत विशिष्ट अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी,नगद पुरस्कार,एलईडी समेत अन्य उपहार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया।मौजूद खिलाड़ियों तथा लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य संजय सचान ने कहा कि खेल शारीरिक,बौद्धिक विकास के साथ सद्भावना का संदेश देता है।खेल से आपसी भाईचारा के साथ शारीरिक व मानसिक विकास भी होता है।
बाल शक्ति हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।खेल जैसे आयोजनों से समाज में एकता व भाईचारे की भावना पनपती है।खेल को खेल भावना से ही खेलना चाहिए और खेल में द्वेष की भावना नहीं होनी चाहिए।इस मौके पर पुल्लन तिवारी,अवधेश तिवारी,विश्वनाथ पाल,जयशंकर,जीतेंद्र पाल,प्रशांत पाल,रोहित कश्यप,अंशु पाल,रूमन पाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: पुखरायां में ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा,एक घायल घायल को भेजा गया अस्पताल



