कानपुर देहात में सेंगुर नदी में मिला होटल संचालक का शव,6 के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में रिपोर्ट दर्ज
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहवलपुर गांव में सेंगुर नदी किनारे मंगलवार को मिले एक होटल संचालक के शव के मामले में दिबियापुर क्षेत्र के छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है

- 26 दिसंबर से था लापता
- पुलिस जांच में जुटी
पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहवलपुर गांव में सेंगुर नदी किनारे मंगलवार को मिले एक होटल संचालक के शव के मामले में दिबियापुर क्षेत्र के छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक बीते 26 दिसंबर से लापता था।मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका 26 वर्षीय भाई बृजेंद्र कुमार उर्फ भाटी दिबियापुर में एक होटल किराए पर लेकर दिबियापुर निवासी संदीप यादव उर्फ लल्ला के पार्टनरशिप में संचालन कर रहा था।लगभग पांच माह पूर्व प्रशासन ने मानक पूरे न होने की वजह से होटल को सीज कर दिया था।आरोप है कि जब बृजेंद्र पुलिस बल के साथ होटल का ताला खुलवाने गया तो होटल मालिक के प्रतिनिधि अजीत सिंह निवासी दिबियापुर,उमाशंकर और शिवा वहां मौजूद थे।आरोपियों ने बृजेंद्र के 1.5 लाख रुपए नगद और एक बैग में रखी लगभग 5.70 लाख रुपए की ज्वेलरी गायब कर दी और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने बृजेंद्र के साथ मारपीट,गाली गलौज की और उसे वहां से भगा दिया।22 दिसंबर को जब वह अपना सामान और नगदी लेने होटल गया तो आरोपियों ने देने से मना कर दिया और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया।जिसके बाद वह घर लौटा और गुमसुम रहने लगा।आरोप है कि 23 दिसंबर को भी उसे धमकाया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही गई।26 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे बृजेंद्र घर से निकला था।जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा।परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना मंगलपुर में दर्ज कराई थी।मंगलवार को उसका शव सेंगुर नदी में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस ने मृतक के भाई महेंद्र सिंह की तहरीर पर संदीप यादव उर्फ लल्ला,अजीत सिंह,शिवा सक्सेना,उमाशंकर प्रधान,संजय और गौरव के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।मामले की जांच की जा रही है।जांचकर उचित कार्यवाही की जाएगी।



